
टीकमगढ़। सोमवार को डीएपी खाद न मिलने से नाराज किसानों ने दो स्थानों पर जाम लगा दिया। किसानों ने जतारा में तहसील के सामने सरकारी बेयर हाउस के सामने और टीकमगढ़ जतारा रोड पर हृदयनगर गांव में सड़क जाम कर दी।
सूचना मिलते ही जतारा एसडीएम संजय दुबे और जतारा थाना प्रभारी रवि भूषण पाठक मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत की और उन्हें समझाने का प्रयास किया। इस दौरान किसानों ने खाद की कालाबाजारी के गंभीर आरोप लगाए।
किसान रामसेवक यादव ने बताया कि वे सुबह से लाइन में खड़े थे, लेकिन जब उनकी बारी आई तो समिति वालों ने खाद समाप्त होने की बात कहकर वितरण बंद कर दिया।
वहीं, समिति के कर्मचारियों का कहना था कि उनके पास सिर्फ 600 बोरी डीएपी का स्टॉक था, जिसे किसानों में वितरित कर दिया गया। उनके अनुसार, खाद लेने के लिए करीब 1 हजार से अधिक किसान पहुंचे थे। जिन किसानों को खाद नहीं मिल पाई, उन्हें अगली तारीख के लिए टोकन जारी किए गए हैं।
