
सोहागपुर। यूजीसी के रूप में एक काला कानून भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा सवर्ण समाज के ऊपर जबरन थोपा गया है। किसी के भी द्वारा उक्त प्रकार के कानून की कोई मांग नहीं की गई थी। यह बात पूर्व विधायक एवं कद्दावर नेता गिरिजा शंकर शर्मा ने सवर्ण समाज के बैनर तले आयोजित धरना प्रदर्शन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि दशकों से आरक्षण लागू है लेकिन देश की अंधी बहरी सरकारों ने कभी आरक्षण में समीक्षा पर विचार नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारें कितनी भी ताकतवर क्यों ना हों , लेकिन जब सरकार के विरुद्ध सामूहिक रूप से जन समुदाय सड़क पर उतरता है तो वह किसी भी ताकतवर सरकार को उखाड़ने की क्षमता रखता है। धरना प्रदर्शन को एक दर्जन से अधिक वक्ताओं द्वारा संबोधित कर यूजीसी कानून से सवर्ण विद्यार्थियों के कैरियर पर आंच , आरक्षण में सुधार की आवश्यकता , एससी एसटी एक्ट में सुधार एवं सवर्ण गरीबों की समस्याओं के निराकरण हेतु सवर्ण आयोग के गठन की मांग पर प्रकाश डाला गया। एक वक्ता ने कहा कि सरकार यूजीसी कानून थोपकर जातिगत भेदभाव को बढ़ावा दे रही है।
जबकि अतीत से वर्तमान को तोलें तो जातिगत भेदभाव ना के बराबर बचा है। हम में से अधिकांश लोग आए दिन एससी एसटी ओबीसी संवर्ग से नाता रखने वाले भाई बहनों के साथ उठ रहे हैं , बैठ रहे हैं , भोजन रहे हैं , पानी पी रहे हैं। उनके निमंत्रण पर उनके घरों में जा रहे हैं। फिर आप बताइए कि कहां बचा है भेदभाव? धरना प्रदर्शन को रघुवीर रघुवंशी , इकलेश पटेल , हेमंत पालीवाल , अनंत तिवारी , उमेश रघुवंशी , विक्रम रघुवंशी , सुजीत पुर्विया , सर्वज्ञ दीवान , रमेश तिवारी , लाल साहब , मंगल रघुवंशी , चंद्रगोपाल भार्गव , नवनीत बक्शी , चंदन पुर्विया , राजेन्द्र सिंह तोमर , प्रदीप ठाकुर , कृष्ण बुंदेला भोपाल , प्रदीप रघुवंशी , प्रकाश मुद्गल , राजकुमार रघुवंशी , श्वेतल दुबे सहित अन्य वक्ताओं द्वारा संबोधित किया गया। धरना प्रदर्शन के उपरांत मौजूद जन समुदाय एक भव्य मशाल जुलूस के रूप में परिणित होकर नगर के प्रमुख मार्गों के भ्रमण उपरांत एसडीएम कार्यालय पहुंचा। जुलूस में युवा यूजीसी रोलबैक , सवर्ण एकता जिंदाबाद, काला कानून वापस लो , तिलक तराजू और तलवार नहीं सहेंगे अत्याचार , आरक्षण में सुधार करो , जैसे नारों का उद्घोष कर हाथ में मशाल लिए चल रहे थे। यूजीसी कानून को वापस लेने , जातिगत आधार पर आरक्षण की व्यवस्था को समाप्त कर आर्थिक एवं योग्यता के आधार पर आरक्षण लागू करने एवं सवर्ण आयोग के गठन की मांग को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम डॉ बबीता राठौर को सौंपा गया। राजकुमार रघुवंशी , दीपक रघुवंशी एवं प्रदीप रघुवंशी ने बताया कि धरना प्रदर्शन एवं मशाल जुलूस में सोहागपुर विकासखंड के विभिन्न ग्रामों के अतिरिक्त बनखेड़ी , पिपरिया , सेमरी हरचंद , माखन नगर , नर्मदापुरम , इटारसी एवं भोपाल से पधारे सवर्ण समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन उमेश रघुवंशी एवं आभार प्रदर्शन पंडित प्रकाश मुद्गल के द्वारा किया गया।
