इंदौर:तीन दिन पहले हुई कॉन्स्टेबल प्रिया यादव की संदिग्ध आत्महत्या के बाद उनके परिजन शनिवार सुबह इंदौर पहुंचे. एरोड्रम थाने में करीब नौ बजे मां, भाई और मामा के बेटे मनीष ने पुलिस टीम से चर्चा की. परिवार के बयान सामने आते ही प्रिया की निजी जिंदगी और रिश्तों में चल रहे तनाव की नई बातें उजागर हो रही हैं, जिनके आधार पर पुलिस अब पूरे प्रकरण को नए सिरे से खंगालने की तैयारी में है.
प्रिया के परिजनों ने पुलिस को बताया कि प्रिया ने कुछ समय पहले सहकर्मी कवींद्र से नजदीकियों और भविष्य को लेकर बातचीत की थी. कवींद्र पहले छत्रीपुरा थाने और बाद में ट्रैफिक में पदस्थ रहा. हमें बताया गया था कि दोनों काम के दौरान मिले और धीरे-धीरे उनका संपर्क बढ़ा, लेकिन हमें यह जानकारी नहीं थी कि दोनों एक ही कमरे में रहते थे. परिजन का कहना है कि प्रिया शादी को लेकर गंभीर थीं, जबकि कवींद्र इसके लिए तैयार नहीं दिखा.
कवींद्र के परिवार ने भी इस रिश्ते पर स्पष्ट सहमति नहीं दी थी. परिजनों ने पुलिस को यह भी बताया कि प्रिया की पहली शादी 2014 में गांव के युवक अमित कुमार से हुई थी. सामाजिक दबाव और अलग समाज से होने के कारण प्रिया के मायके वालों ने उस समय नाता तोड़ लिया था. 2021 में अमित की मौत के बाद परिवार ने पुनः संपर्क शुरू किया. 2023 की शुरुआत में प्रिया को पति की अनुकंपा नियुक्ति मिली और ट्रेनिंग के बाद उनकी पोस्टिंग इंदौर में हुई.
वर्तमान में वह शुभम पैलेस कॉलोनी में किराए से रह रही थीं. परिवार में दो भाई और दो बहनें हैं, जिनमें से एक बहन का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है. पुलिस अब यह समझने की कोशिश कर रही है कि घटना की रात प्रिया और कवींद्र के बीच क्या बातचीत या विवाद हुआ था. थाने के अधिकारी परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद मोबाइल, चैट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य परिस्थितियों को आधार बनाकर जांच आगे बढ़ा रहे हैं. प्राथमिक तौर पर यह आत्महत्या है, लेकिन इसकी वजह संबंधों में तनाव, किसी प्रकार का दबाव या कोई अन्य कारण रहा यह अब आगे की जांच से साफ होगा.
