नयी दिल्ली 03 सितम्बर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद मनोज तिवारी के नेतृत्व में उत्तर पूर्वी जिला के पार्टी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को खजूरी चौक पर कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माता को लेकर बिहार के दरभंगा में एक रैली के दौरान अपशब्द कहे जाने से नाराज थे। प्रदर्शन में पार्टी के जिला अध्यक्ष डॉ यू के चौधरी, राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, विधायक अजय महावर, पूर्व जिला अध्यक्ष महक सिंह, राज कुमार बल्लन, मोहन गोयल एवं श्रीमती पूनम चौहान, सिविल लाइन क्षेत्र के अध्यक्ष गुलाब सिंह राठौर, मनोनीत पार्षद सागर त्यागी, राहुल गौड, राज कुमार झा, भाजपा नेता आनंद त्रिवेदी, मीडिया प्रभारी दीपक चौहान सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इस दौरान श्री तिवारी ने कहा, “प्रधानमंत्री हमारे देश के प्रधानसेवक है और कांग्रेस ने उनकी माँ को गाली देकर हर माँ का अपमान किया है। दिवंगत पुण्यात्मा जो कि इस भू लोक में नहीं हैं, देव लोक जा चुकी है उनको गाली देना बहुत नीचता का काम है। इनको भगवान भी माफ़ नहीं करेंगे।”
उन्होंने कहा कि जो माँ अपने पुत्र को 100 रुपये देकर बोलती है कि बेटा भारत देश ही तुम्हारा परिवार है और भारत माता की सेवा करना तुम्हारा परम् धर्म है। आज उनका पुत्र प्रधानमंत्री बन भारत माता और भारत मे रहने वाली हर माता का सम्मान कर उनको शीर्ष पर बिठा रहा है। कांग्रेस के भ्रष्ट नकारात्मक सोच के नेता आज प्रधानमंत्री की माँ को गाली देकर पूरे देश की माताओ का अपमान कर रहे हैं, इसलिए देश का हर नागरिक कांग्रेस और उनके साथी दलों को माफ़ नहीं करेगा और जिसने भी ये कृत किया है उसको देश की जनता और कानून माफ़ नहीं करेगा।
वहीं, श्री मित्तल ने कहा, “कांग्रेस अराजकता फैलाने का काम करती है और साथी दलों के साथ मिलकर सस्ती राजनीति करने में माहिर है। प्रधानमंत्री की माँ हमारी माँ है और इनके गाली देने वाले नेताओं को देश माफ़ नहीं करेगा।”
श्री चौधरी ने कहा बताया कि उत्तर पूर्वी जिला में कांग्रेस के विरुद्ध भाजपा प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रधानमंत्री की माँ को गाली देने वाली पार्टी और उनके नेताओं को माफ़ नहीं किया जायेगा। इस विरोध को मण्डल स्तर और बूथ स्तर तक लेकर जाएंगे और गाली देने वाले कोंग्रेसियों को जेल पंहुचायेंगे।
श्री महावर ने कहा, “हर विधानसभा क्षेत्र में श्री राहुल गाँधी का पुतला फूंक हम कांग्रेस पार्टी की बुद्धि को दुरुस्त करेंगे। भाजपा माताओं का हमेशा सम्मान करती है और उनसे आशीर्वाद लेती है परन्तु कांग्रेस ना तो माँ का सम्मान करती ना नारी का।”
