नयी दिल्ली, 03 सितंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बुधवार को चावल की कीमत में नरमी रहने के साथ गेहूं का भाव भी टूट गया। खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव रहा जबकि चीनी और दालों के दाम उतर गये।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का नवंबर वायदा 35 रिंगिट फिसलकर 4,441 रिंगिट प्रति टन पर आ गया। अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 0.85 प्रतिशत की गिरावट में 52.21 डॉलर के भाव बोला गया।
घरेलू थोक जिंस बाजारों में चावल की औसत कीमत करीब चार रुपये गिरकर 3,852.68 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं भी दो रुपये टूटकर 2,854.98 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिका। आटा 14 रुपये उतरकर 3,304.21 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया।
सरसों तेल औसतन 66 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। मूंगफली तेल में 18 रुपये और सोया तेल में 62 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी रही। सूरजमुखी तेल 19 रुपये और वनस्पति 64 रुपये प्रति क्विंटल सस्ता हुआ। पाम ऑयल भी 15 रुपये प्रति क्विंटल टूट गया।
दाल-दलहनों में नरमी रही। तुअर दाल की औसत कीमत 26 रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी। चना दाल 14 रुपये और मूंग दाल 48 रुपये प्रति क्विंटल नरम हुई। मसूर दाल की कीमत में 33 रुपये और उड़द दाल में 10 प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गयी।
गुड़-चीनी : मीठे के बाजार में आज नरमी देखी गयी। गुड़ की औसत कीमत करीब 21 रुपये प्रति क्विंटल गिरी। चीनी भी करीब सात रुपये सस्ती हुई।
