सतना: जिले के कोटर थाना क्षेत्र अंतर्गत रजरवार गांव के निकट शुक्रवार को उस वक्त सडक़ हादसा सामने आया जब एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया. इस घटना के चलते वाहन सवार 15 यात्री घायल हो गए. जिसमें से 5 लोगों को गंभीर चोट आने के कारण जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार रीवा निवासी साकेत परिवार के 25 सदस्य जिले के अबेर गांव में 2 दिन पहले आए हुए थे.
जहां पर वैवाहिक आयोजन में सम्मिलित होने के बाद वे सभी वापस रीवा की ओर लौट रहे थे. बताया गया कि परिजनों से लोड पिकअन वाहन जैसे ही रजरवार गांव के निकट स्थित मोड़ पर पहुंचा वैसे ही अचानक अनियंत्रित हो गया. देखते ही देखते पिकअप वाहन धड़ाम की आवाज के साथ पलट गया. घटना होते ही पिकअप सवार यात्रियों के बीच कोहराम मच गया. जिसे सनुकर आस पास के लोग भागते हुए मदद के लिए वहां पहुंचे.
आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे कोटर थाना प्रभारी दिलीप तिवारी ने फौरन ही घायलों को निजी और शासकीय एंबुलेंस के जरिए उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. दुर्घटना में घायल 15 यात्रियों में से 10 यात्रियों का उपचार वहीं पर शुरु कर दिया गया. जबकि गंभीर तौर पर चोटिल 5 यात्रियों को प्रारंभिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. जहां पर उन्हें भर्ती कर उपचार किया जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वाहन तेज रफ्तार था जिसके चलते मोड़ आने पर चालक नियंत्रण नहीं रख सका. नतीजतन पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर एक ओर पलट गया.
