इंदौर: क्राइम ब्रांच ने 52 लाख रुपए की एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है. आरोपी शहर में ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा था और युवाओं को नशा बेचता था.क्राइम ब्रांच के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी संतोष गिरी पिता मांगीलाल गिरी निवासी प्रतापगढ़ है. 15 जनवरी को टीम ने सिद्धेश्वर जलधार नाथ महादेव मंदिर के पास घेराबंदी कर चार तस्करों को पकड़ा था.
उनके कब्जे से 513. 48 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 52 लाख रुपए आंकी गई थी. कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर वाहन चढ़ाकर भागने की कोशिश भी की थी. पूछताछ में सामने आया कि संतोष गिरी राजस्थान से सस्ते दामों पर ड्रग्स लाकर इंदौर में ऊंचे दामों पर सप्लाई करता था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और नेटवर्क से जुड़े अन्य पेडलर्स की तलाश जारी है.
