
सिंगरौली । गढ़वा थाना क्षेत्र में चालक से नगदी लूटकर जबरन ले जाई गई जेसीबी मशीन को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सीधी जिले से बरामद कर लिया है। हालांकि वारदात को अंजाम देने वाले तीनों अज्ञात आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। उनकी तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस के अनुसार खैड़ार निवासी मोहित कुमार चतुर्वेदी की कैस 770 ईएक्स-2 डब्ल्यूडी बैकहो लोडर जेसीबी (क्रमांक यूपी 63 बीटी 7437) मेड़बंदी कार्य के लिए ग्राम अहीरबुडवा गई थी। शनिवार शाम करीब चार बजे चालक राजेश यादव जेसीबी बंद कर भोजन करने जा रहा था। इसी दौरान बोलेरो वाहन से पहुंचे तीन लोगों ने उसे बघोर चलने के लिए कहा। चालक के मना करने पर आरोपियों ने उसकी जेसीबी की चाबी छीन ली, कॉलर पकड़कर उसकी जेब में रखे 20 हजार रुपये निकाल लिए और जेसीबी लेकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर गढ़वा थाना में धारा 309(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जहां गठित टीमों ने कार्रवाई करते हुए लूटी गई जेसीबी को सीधी जिले के थाना अमिलिया अंतर्गत चौकी सिहावल के ग्राम रामपुर से बरामद कर लिया। पुलिस अब फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
