जबलपुर: शुक्रवार को गाड़ी क्रमांक 11201 नागपुर– शहडोल एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक यात्री के घायल होने की सूचना प्राप्त होने पर जबलपुर स्टेशन पर रेलवे प्रशासन द्वारा तत्काल आवश्यक कार्रवाई की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार यात्री ट्रेन के गेट के पास बैठा हुआ था, जिसके दौरान वह घायल हो गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ एवं जीआरपी को अवगत कराया गया तथा गाड़ी के जबलपुर स्टेशन पहुंचने पर ईएमआर स्टाफ द्वारा यात्री का चिकित्सीय परीक्षण किया गया।
घायल यात्री की पहचान सोनू पिता श्याम सिंह निवासी सोहागपुर, शहडोल के रूप में हुई है जांच में यात्री के घुटने के नीचे पैर की हड्डी में गंभीर चोट पाई गई तथा फ्रैक्चर होने की संभावना व्यक्त की गई है। बता दें कि यात्री को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु पूर्व में ही 108 एंबुलेंस सेवा को सूचित किया गया था। एंबुलेंस के स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ स्टाफ के सहयोग से घायल यात्री को जिला चिकित्सालय विक्टोरिया उपचार हेतु भेजा गया।
