चितरंगी: गोनर्रा बाजार से नवानगर जाने वाली रोड में तालाब की तरह जल भरा हुआ है। जिसके कारण लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। व्यापारियों द्वारा बताया गया कि जल भराव की वजह से ग्राहक दुकान पर नही पहुंच पाते। जब गाड़ियां निकलती हैं तो पानी का छीटा दुकान तक पहुंचता है। गर्मी के महीने में इतना अधिक जल भराव है तो बरसात एवं ठंडी में नजारा ही कुछ अलग होता होगा।
लोगों ने बताया की फोन के माध्यम से राज्यमंत्री राधा सिंह को समस्या से अवगत कराया गया था। जिसे लेकर राज्यमंत्री ने कॉन्फें्रस फोन के माध्यम से पंचायत सचिव आत्माराम को जल भराव ठीक कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन जल भराव की स्थिति यथावत बनी हुई है। कई व्यापारियों एवं ग्रामीणों के द्वारा सीएम हेल्पलाईन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन शिकायत का कोई असर नही पड़ा। स्थिति जस की तस बनी हुई है। लोगों ने बताया कि करीब 3 वर्ष से जल भराव की स्थिति बनी हुई है एवं सड़क के दोनों तरफ कीचड़ से लथपथ रहता है।
