
छतरपुर। दशहरे के पावन अवसर पर छतरपुर में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन पूरे दिन चलता रहा। छतरपुर तहसील के बृजपुरा ग्राम पंचायत स्थित बूढ़ा बांध पर जिला प्रशासन द्वारा विशेष रूप से बनाए गए विसर्जन प्वाइंट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी।
दोपहर से लेकर देर शाम 8 बजे तक विसर्जन का क्रम लगातार चलता रहा। छतरपुर शहर के साथ ही आसपास के ग्रामीण इलाकों की दुर्गा प्रतिमाएं श्रद्धालु बड़े उत्साह और भक्ति भाव के साथ यहां लेकर पहुंचे।
विसर्जन स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतज़ाम किए। पुलिस बल के साथ ही गोताखोर दल और स्वास्थ्यकर्मी भी तैनात रहे। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए बैरिकेडिंग की गई थी।
श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा को विदा करते हुए विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं दीं। पूरा वातावरण भक्तिमय जयकारों और मां दुर्गा के गीतों से गुंजायमान रहा।
