बैतूल: जल जीवन मिशन के कार्यों की धीमी प्रगति को देखते हुए जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने विभागीय कार्यों की समीक्षा की।श्री सूर्यवंशी ने इस बैठक में विभागीय अधिकारियों से गांव-गांव में चल रही पाइपलाइन बिछाने, नल कनेक्शन उपलब्ध कराने और जल संरचनाओं के निर्माण की विस्तृत समीक्षा की। कई गांवों में काम तय समय से पीछे होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि मिशन के कामों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि जो ठेकेदार समय पर कार्य पूर्ण नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाए और सप्ताहवार रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने सख्त लहजे में कहा कि 31 दिसंबर तक सभी सिंगल विलेज योजनाओं को पूरा कर संबंधित ग्राम पंचायतों को हैंडओवर किया जाए। उन्होंने फील्ड विजिट बढ़ाने और प्रतिदिन की प्रगति पर नजर रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जिन ग्रामों में पाइपलाइन, नल कनेक्शन और निर्माण कार्य पूरी तरह पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें बिना विलंब के ग्राम पंचायत को सौंपा जाए। उन्होंने पीएचई विभाग को सूची तैयार कर तकनीकी परीक्षण के बाद हैंडओवर प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाह ठेकेदारों के भुगतान पर रोक लगाने के भी निर्देश जारी किए।
