विजयपुर में भीषण आग, घरेलू सामान व नकदी जलकर राख

विजयपुर। श्योपुर जिले के विजयपुर शहर में एक परिवार पर आफत टूट पड़ी। वार्ड क्रमांक 8, गज मोहल्ला शिवपुरी रोड पर रहने वाले बालकृष्ण दीक्षित के घर के पीछे बनी पाटोर में अचानक आग लग गई जिससे घरेलू उपयोग का कीमती सामान और नकदी जलकर राख हो गई। पीड़ित बालकृष्ण दीक्षित पुत्र पूरनलाल दीक्षित ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया कि वह अपने परिवार के साथ रोजाना की तरह खाना खाकर घर के अंदर बने टीनसेट में आराम कर रहे थे। पाटोर के पटपरों के चटखने की तेज आवाज सुनकर वे बाहर निकलकर आए तो देखा कि पाटोर के अंदर आग भड़क रही थी। घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने तुरंत अपने छोटे भाई मनोज व अन्य परिजनों को बुलाया। तत्परता दिखाते हुए पाटोर का ताला खोलकर सभी परिजनों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। आगजनी में पाटोर के अंदर रखा मिक्सी, कपड़ा सिलने की मशीन, फ्रिज, पंखा, परिवार के कपड़े, बच्चों के पहनने के वस्त्र, रजाई-गद्दे, बर्तन, घरेलू सामान तथा कुछ नगदी रुपये जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार सदमे में है और प्रशासन से सहायता की उम्मीद लगाए बैठा है।

Next Post

अमेरिकी राजदूत गोर,सिनेटर स्टीव डेनिस के साथ मिले पीयूष गोयल से

Mon Jan 19 , 2026
नयी दिल्ली, 19 जनवरी (वार्ता) भारत में अमेरिका के नये राजदूत सर्जियो गोर ने एक अमेरिकी सांसद के साथ सोमवार को यहां केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की और इस दौरान उनके बीच पारस्परिक संबंधों पर उपयोगी बातचीत हुई। श्री गोर के साथ अमेरिका की संसद […]

You May Like