प्रधानमंत्री ने संकल्प के साथ देश की सेवा की : सांसद गुर्जर

मंदसौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और संकल्प के भाव को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शिवना नदी के घाट पर सामूहिक सफाई अभियान एवं श्रमदान किया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने सहभागिता कर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

श्रमदान कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, कलेक्टर दिव्यांक सिंह, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने शिवना नदी के घाट की साफ-सफाई कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

प्रधानमंत्री ने हर वर्ग की चिंता की : गुर्जर

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संकल्प के साथ देश की सेवा की है। उनके नेतृत्व में देश में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने समाज के प्रत्येक वर्ग की चिंता की है। आयुष्मान कार्ड योजना के माध्यम से गरीब से गरीब व्यक्ति को अच्छे अस्पतालों में उपचार की सुविधा मिल रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा के कार्यों में सामूहिक भागीदारी आवश्यक है।

शिवना को प्रदूषण मुक्त रखने की दिलाई शपथ

कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने मंदसौर नगर, प्रदेश और देश के पर्यावरण को सुरक्षित एवं संरक्षित रखने के लिए उपस्थित जनसमुदाय को शपथ दिलाई। सभी ने स्वेच्छा से तन, मन और धन से पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संकल्प लिया।

शपथ में मां शिवना नदी को प्रदूषण से बचाने, उसे स्वच्छ रखने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों से नदी और उसके घाटों की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।

Next Post

कच्चे तेल में नरमी से रुपया एक पैसे मजबूत

Thu Sep 17 , 2026
मुंबई, 17 सितंबर (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में नरमी से गुरुवार को रुपया एक पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.90 रुपये का बोला गया। पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा तीन पैसे टूटकर 95.91 रुपये पर बंद हुई थी। रुपया आज तीन पैसे […]

You May Like