
मंडला। नारायणगंज, बीजाडांडी और उदयपुर क्षेत्रों के साथ-साथ हाईवे मार्ग पर बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिसके कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। बंदरों के इस उत्पात से राहगीर और क्षेत्रवासी परेशान हैं। सोमवार शाम करीब 4 बजे नारायणगंज के कूड़ामैली बंजारी घाट से पहले एक हादसा हो गया, जिसमें कालपी के ग्राम जरहा टोला निवासी एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, देववती बाई परते 55 वर्ष, पति रज्जो लाल परते अपने बेटे के साथ बाइक पर अपने गांव जरहा टोला कालपी जा रही थीं। इसी दौरान कूड़ामैली बंजारी घाट के ठीक पहले कुछ बंदरों ने उनकी बाइक पर बैठी देववती बाई पर हमला कर दिया। बंदरों के अचानक हमले से बाइक अनियंत्रित हो गई और देववती बाई नीचे गिर गईं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज ले जाया गया। वहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद देववती बाई की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
