इंदौर:तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में खंडवा रोड पर एक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा।
मृतक की पहचान पूरन सिंह पिता बहादुर सिंह, निवासी ग्राम गाजिंदा सिमरोल के रूप में हुई है। पूरन सिंह अपनी बाइक से उमरिया-खंडवा रोड से गुजर रहा था, तभी तेजाजी नगर क्षेत्र में किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद राहगीरों की मदद से गंभीर रूप से घायल पूरन सिंह को तुरंत एमवाय अस्पताल ले जाया गया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरी चोट आने के कारण उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।तेजाजी नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।
