सतना: रैगांव थाना क्षेत्र के भटिगवां में बुधवार की रात होली के माहौल के बीच चाचा- भतीजे में विवाद हो गया। इस दौरान चली लाठी से घायल हुए युवक ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। खबर पाते ही पुलिस ने एक आरोपी को राउंडअप कर लिया है, जबकि दूसरा फरार है। इस मामले में थाना प्रीाारी बिसन सिंह ने बताया कि रात करीब साढ़े 8 बजे भटिगवां निवासी प्रदीप सिंह पिता राजभान सिंह (33) का जमीन को लेकर अपने चाचा गुड्डू सिंह और चचेरे भाई शिवांश सिंह से विवाद हो गया था।
बात इतनी बढ़ी कि गुड्डू और शिवांश ने प्रदीप पर लाठी से हमला कर दिया। मूंदी चोट आने पर करीब दो घंटे तक तो प्रदीप को उसके परिजन घर पर ही रखे रहे और मामला पारिवारिक होने पर पुलिस को सूचना नहीं दी। जब प्रदीप की हालत बिगड़ी तो देर रात उसे जिला अस्पताल लेकर गए। जहां रात करीब 1 बजे प्रदीप ने दम तोड़ दिया। मृत्यु की सूचना के बाद हत्या का अपराध कायम कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
