
सीहोर.मंडी थाना क्षेत्र के ग्राम मनाखेड़ा में विवादित जमीन पर बोवनी करने पहुंचे दलित परिवार के सदस्यों पर गांव के एक व्यक्ति ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में दलित परिवार के आधा दर्जन लोग घायल हो गए. इनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं. सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता- पुत्र मौके से फरार हो गए. जिनकी पुलिस तलाश कर रही है.
जानकारी के अनुसार मंडी थाना क्षेत्र में आने वाले समीपस्थ ग्राम मनाखेड़ा निवासी मानसिंह का गांव के ही सद्वाम उर्फ शफीक के साथ पुराना जमीन विवाद चला आ रहा है. पूर्व में भी दोनों के बीच जमीन को लेकर विवाद के हालात निर्मित हो चुके हैं. बताया जाता है कि मानसिंह के काका ससुर ने चार बीघा जमीन पूर्व में मौखिक रूप से मानसिंह को बेच दी थी. इसके बाद ग्राम के ही सद्दाम उर्फ शफीक को भी लिखा पढ़ी कर जमीन बेच दी थी. शनिवार को मानसिंह का परिवार ग्राम मनाखेड़ा में अपनी जमीन पर बोवनी करने गए थे. इस दौरान सद्वाम अपने दो पुत्रों अनीस और फारूख के साथ वहां पहुंचा. तीनों अपने हाथों में दरांता व लाठी- डंडे लिए हुए थे.
आरोपी पिता- पुत्रों ने वहां पहुंचते ही मानसिंह व उसके परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया और उन्हें बेदम होने तक पीटा. इस हमले में मानसिंह व उसकी बुजुर्ग मां सौरमबाई सहित बेटा अखिलेश, लाड़सिंह व उसकी पत्नी सागरबाई व कमला बाई गंभीर रूप से घायल हो गए. हमला करने के बाद तीनों पिता- पुत्र जान से मारने की धमकी देकर बाइक पर सवार होकर वहां से भाग निकले.
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आई जहां सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है.
