इंदौर: शहर के प्रमुख मार्ग पर सोमवार शाम भारी ट्रैफिक जाम में वाहन चालक फंसे रहे. शास्त्री, भंडारी और राजकुमार ब्रिज पर लगी लंबी कतारों ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों की परेशानियों को बढ़ा दिया, कई जगहों पर तो वाहन चालकों ने ही सूझबूझ दिखाते हुए रास्ता निकाला. काफी देर बाद यातायात पुलिस सक्रिय हुई इसके बाद ही रास्ता साफ हुआ.
सोमवार की शाम शहर के व्यस्त समय में प्रमुख मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला. शास्त्री ब्रिज, भंडारी ब्रिज और राजकुमार ब्रिज पर वाहन चालक घंटों फंसे रहे. जाम की सूचना मिलने के बाद यातायात पुलिस हरकत में आई, लेकिन तब तक कई वाहन लंबी कतार लग चुकी थी और वाहन चालक फंसे हुए थे. शास्त्री ब्रिज पर जाम प्रेस क्लब के सामने से शुरू होकर धीरे-धीरे राजकुमार मिल और स्वदेशी मिल के आसपास के मार्गों तक फैल गया.
स्थानीय लोगों ने बताया कि वाहन रेंगते हुए चल रहे थे और हॉर्न की लगातार आवाज ने स्थिति और गंभीर बना दी. इसके अलावा राजबाड़ा, सीतलामाता बाजार, सराफा, जेलरोड, कोठारी मार्केट, एमटीएच और कंपाउंड इलाके में भी वाहन रेंगते हुए चल रहे थे. जाम की सूचना मिलने के बाद यातायात विभाग की टीम ब्रिज और आसपास के मार्गों पर लगातार निगरानी कर रही है.
त्योहारों के चलते बनी स्थिति
अधिकारियों का कहना है कि त्यौहारों की खरीदी के चलते ऐसी स्थिति बन गई थी, थोड़ी देर बार ही ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंच कर यातायात सुचारु करवा दिया. फिर भी वाहन चालकों से अपील की गई है कि उन्हें वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना बेहतर होगा.
आधे घंटे से ज्यादा फंसा रहा
वाहन चालक रमेश पाटिल ने कहा, मैं ऑफिस से घर जा रहा था, लेकिन शास्त्री ब्रिज पर फंसकर आधे घंटे से ज्यादा समय खराब हो गया. उम्मीद नहीं थी कि इतनी लंबी कतार लगेगी. वहीं सीमा अग्रवाल ने बताया कि बच्चों के साथ शाम के समय कहीं भी जाना मुश्किल हो गया. स्थानीय दुकानदारों ने भी जाम से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होने की बात कही.
