
ग्वालियर। एक होटल में 14 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ उसके परिचित युवक द्वारा दुष्कर्म किया गया। आरोपी को नाबालिग पहले से जानती थी। दोनों के बीच बातचीत होती थी। दोपहर में आरोपी ने नाबालिग को बातचीत के बहाने होटल बुलाया और अन्दर ले जाकर बदनाम करने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद जब नाबालिग होटल से बाहर आई तो उसका ताऊ का लड़का पहले से बाहर मौजूद था। नाबालिग के बाहर आते ही आरोपी भी बाहर आया। जिसे परिजनों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना माधौगंज क्षेत्र के होटल विराट की है। पुलिस ने नाबालिग की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज कर ली है।
आरोपी सूरज गुढ़ा-गुढ़ी का नाका निवासी है। दोनो एक दूसरे को कुछ माह से जानते थे। पीडि़ता के मुताबिक सूरज ने उसे गुढ़ा-गुढ़ी नाके स्थित होटल विराट में बुलाया था। जहां उसके साथ गलत कृत्य किया है। इधर, नाबालिग के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो उन्हें जानकारी मिली कि सूरज उसे होटल विराट ले गया। परिजन होटल के बाहर खड़े होकर इंतजार करने लगे। कुछ देर बाद ही जब नाबालिग होटल से बाहर निकली तो उसके पीछे आरोपी भी आया। परिजनों ने उसे पकड़ लिया। नाबालिग ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। माधौगंज थाना प्रभारी दिव्या तिवारी ने बताया कि पीड़ित नाबालिग की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धमकी देकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।
