
रीवा। रीवा मनगवां हाईवे पर एक तेज रफ्तार 108 एम्बुलेंस ने बाइक सवार चाची और भतीजे को टक्कर मार दी. एंबुलेंस की टक्कर से सडक़ पर गिरकर घायल हुए चाची और भतीजे दोनों को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल लाया गया, जहां चाची ने अस्पताल के ही गेट में दम तोड़ दिया तो वही भतीजा घायल बताया गया है. हादसा सुबह रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र में चोरगढ़ी के समीप होना बताया गया है.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक मनगवां थाना के ग्राम कुनिया निवासी ममता पटेल अपने भतीजे के साथ बाइक में सवार होकर रीवा की ओर आ रही थी, इसी बीच ग्राम चोरगढ़ी के समीप एक तेज रफ्तार 108 एंबुलेंस ने बाइक को टक्कर मार दी. अचानक हुए इस हादसे में बाइक सवार चाची और भतीजा दोनों सडक़ पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के दौरान मौजूद लोगों ने आनन-फानन में एंबुलेंस की ही मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां अस्पताल पहुंचने के उपरांत ही घायल महिला ममता पटेल की मौत हो गई, जबकि महिला के भतीजे को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है. इधर रायपुर कर्चुलियान में ही एक व्यक्ति घायल हालत में पड़ा मिला है, जिसे एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल लाया गया है. बताया गया कि जब चोरगढी के समीप हुए हादसे में घायलों को एंबुलेंस द्वारा अस्पताल लाया जा रहा था, तभी रायपुर कर्चुलियान के पास ही एक व्यक्ति घायल हालत में पड़ा हुआ था. बताया जा रहा है कि घायल व्यक्ति किसी पेट्रोल पंप का कर्मचारी है, जो पेट्रोल पंप का ड्रेस भी पहने हुए हैं. फिलहाल घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिसकी हालत गंभीर बताई गई है.
