वाशिंगटन, 14 फरवरी (वार्ता) अमेरिकी सेना ने शुक्रवार को कैरिबिया में नशीले पदार्थों की तस्करी के संदेह में एक और जहाज पर हमला किया जिससे तीन लोगों की मौत हो गयी।
यह अभियान उस शृंखला का हिस्सा है, जो नशीले पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के उद्देश्य से ट्रंप प्रशासन ने शुरू की है।
अमेरिकी दक्षिणी कमान ने ‘एक्स’ पर कहा, ” तेरह फरवरी को दक्षिणी कमान के कमांडर जनरल फ्रांसिस एल डोनोवन के निर्देश पर, संयुक्त कार्य बल ‘साउदर्न स्पीयर’ ने नामित आतंकवादी संगठनों’ के जहाज पर घातक सैन्य हमला किया।”
कमान ने हालांकि यह भी स्पष्ट किया कि इस हमले में कोई भी अमेरिकी कर्मी हताहत नहीं हुआ है।
ऑपरेशन साउदर्न स्पीयर’ के तहत संदिग्ध ड्रग नौकाओं पर किये गये हमलों में अब तक कम से कम 124 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रशासन ने मारे गये लोगों को ‘अवैध लड़ाका’ बताया है और न्याय विभाग की गोपनीय राय के आधार पर बिना किसी न्यायिक समीक्षा के इन घातक हमलों को उचित ठहराया है।
इस साल अब तक सार्वजनिक रूप से चार हमलों की पुष्टि हुई है, जिनमें से एक हमला इसी शुक्रवार को किया गया। इस सप्ताह की शुरुआत में हुए पिछले हमले में दो लोग मारे गये थे और एक व्यक्ति जीवित बचा था। इसमें अमेरिकी तट रक्षकों ने ‘इक्वाडोर के समुद्री बचाव समन्वय केंद्र’ को समन्वित खोज और बचाव प्रयासों के लिए तकनीकी सहायता प्रदान की थी।
सांसदों ने विशेष रूप से 2 सितंबर को हुए पहले हमले को लेकर चिंता जतायी है। इसमें एक ‘फॉलो-अप’ हमला भी शामिल था। उस हमले में चालक दल के उन दो सदस्यों को मार दिया गया था, जो शुरुआती हमले में जीवित बच गये थे।
