
आष्टा. पुलिस ने नेता, प्रभावशील व्यक्तियों और सरकारी अधिकारियों का डर दिखाकर अड़ीबाजी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. जानकारी के अनुसार फरियादी पवन चौरसिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 दिन पूर्व जब वह शास्त्री कॉलोनी में सब्जी बेच रहा था, तब आरोपी मनोज मेवाड़ा ने उसे रोककर कहा कि वह सड़ी-गली सब्जियां बेचता है. आरोपी ने स्वयं को नपाध्यक्ष पति का भांजा बताते हुए धमकी दी कि उसका ठेला जप्त कराकर उसे जेल भिजवा देगा. इसके बाद आरोपी ने दबाव बनाकर 620 रुपए की अड़ीबाजी की. फरियादी द्वारा जब रायसिंह मेवाड़ा से तस्दीक करवाई गई, तो पता चला कि उनका ऐसा कोई भांजा नहीं है. इसके अतिरिक्त आरोपी ने शास्त्री कॉलोनी और सेमनरी रोड़ पर भी सुरेश सोनी की चांदी की दुकान और सुहागमल मेवाड़ा की दूध डेरी पर इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जिला बदर की कार्यवाही का प्रस्ताव दिया है. मनोज मेवाड़ा के खिलाफ थाना कोतवाली में चोरी के 4 अपराध और अड़ीबाजी व मारपीट का 1 अपराध दर्ज है. थाना मंडी में भी मारपीट और अड़ीबाजी का एक मामला पंजीबद्ध है. पूर्व में उसे चोरी के एक मामले में 1 माह के कारावास से दंडित किया गया था. वह थाना कोतवाली के एक अन्य चोरी के मामले में 5 माह 15 दिन तक जेल में निरुद्ध रह चुका है .
