साय के निर्देश पर हरकत में आया प्रशासन, जरूरतमंद तक पहुँची राहत

रायपुर (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के स्पष्ट निर्देश के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर विकासखण्ड के ग्राम पथर्री निवासी भीखलु राम ध्रुव को राहत पहुंचायी।

मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई थी कि श्री भीखलु राम ध्रुव लंबे समय से पेंशन और राशन जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित थे। इस खबर को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने बिना विलंब किए तत्काल संज्ञान लिया और जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि संबंधित हितग्राही को शीघ्र लाभ उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई शुरू की गयी।

श्री साय के निर्देशों के अनुरूप कलेक्टर बीएस उइके ने स्वयं मामले की जानकारी ली और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जांच में यह तथ्य सामने आया कि श्री भीखलु राम ध्रुव का ई-केवाईसी किसी कारणवश लंबित था, जिसके कारण उन्हें योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। प्रशासन द्वारा तत्काल ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई, जिससे उन्हें पुनः शासकीय योजनाओं का लाभ मिलना प्रारंभ हो गया है। प्रशासन की तत्परता का परिणाम यह रहा कि श्री भीखलु राम ध्रुव को तीन माह की लंबित वृद्धावस्था पेंशन एकमुश्त प्रदान की गयी।

वहीं, खाद्य विभाग द्वारा भी संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके घर पहुंचकर एक क्विंटल चावल उपलब्ध कराया गया है। अब उन्हें नियमित रूप से उचित मूल्य की दुकान से राशन मिलना सुनिश्चित किया गया है।

श्री भीखलु राम ध्रुव ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पेंशन और राशन मिल जाने से मेरे जीवन में बड़ी राहत आई है। श्री साय की यह संवेदनशीलता मेरे लिए बहुत मायने रखती है। अब मुझे भरोसा है कि सरकार हमारी चिंता करती है।

उल्लखेनीय है कि श्री साय के नेतृत्व में शासन केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रत्येक जरूरतमंद तक उनका लाभ समय पर पहुंचे, इसके लिए निरंतर सजग और प्रतिबद्ध है।

 

Next Post

आयुष्मान कार्ड की तकनीकी समस्या दूर कर महिला मरीज को दिया गया नया जीवनदान

Sun Apr 26 , 2026
रीवा: सुपर स्पेशलिटी अस्पताल प्रबंधन की संवेदनशीलता और तत्परता के कारण एक गंभीर महिला मरीज को समय पर उपचार मिल सका है. उमरी निवासी एक 34 वर्षीय महिला न्यूरोसर्जरी विभाग में भर्ती हुई थी, जिसकी स्थिति काफी गंभीर थी और उसे तत्काल इलाज की आवश्यकता थी. मरीज के पुराने आयुष्मान […]

You May Like