भोपाल, 09 मार्च (वार्ता) भारतीय क्रिकेट टीम के आज चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को चार विकेट से पराजित करने के बाद राजधानी भोपाल समेत मध्यप्रदेश में लोगों ने जमकर जश्न मनाया और पटाखे फोड़ने के साथ ही युवकों की टोलियां सड़कों पर उतर आयीं।
भारत के फाइनल में विजेता बनते ही भोपाल शहर पटाखों की आवाज से गूंज उठा। काफी देर तक पटाखे चलने का क्रम चलता रहा। इसके साथ ही अनेक स्थानों पर युवकों की टोलियां सड़कों पर जश्न मनाने उतर आयीं। जगह जगह ढोल बाजों के साथ युवक नृत्य करते हुए अपनी खुशी का इजहार करते देखे गए।
कमोवेश इसी तरह के समाचार इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, सागर, रीवा और राज्य के अन्य हिस्सों से मिले हैं। जश्न मनाने में युवक ही नहीं, बच्चे, महिलाएं और उम्रदराज लोग भी पीछे नहीं रहे।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, अनेक मंत्रियों, प्रदेश भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, अन्य पदाधिकारियों के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी टीम इंडिया के चैंपियन बनने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। सभी ने टीम इंडिया के खेल को सराहा और पूरे देशवासियों तथा खेलप्रेमियों को बधाई दीं।
