ग्वालियर: एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां एक व्यक्ति पुलिस थाने पहुंचा और उसने कहा कि उसे अपनी पत्नी से जान का खतरा है. उसने बताया कि उसकी पत्नी अपने बॉयफ्रेंड को घर में रखना चाहती है. लाख मना करने के बावजूद वो अपनी जिद पर अड़ी हुई है. जब पति ने उसे डाटा, तो उसने अपने पति को धमकाया और घर में रखे पैसे और सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गई.
वो अपने साथ बच्चे भी लेकर गई है. पीड़ित पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आशंका जताई है कि उसकी पत्नी अपने पति को नुकसान पहुंचा सकती है. पीड़ित सीधा पुलिस एसपी के कार्यालय गया, जहां उसने अपनी सुरक्षा जांच की मांग की है.ग्वालियर के सिकंदर कम्पू क्षेत्र में रहने वाला राजकुमार कुशवाह पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पहुंचा था. उसने अपनी पत्नी पूनम कुशवाह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं. उसने कहा कि उसे अपनी पत्नी से जान का खतरा है, जिसके कारण उसने जान-माल की सुरक्षा की मांग की है.
