अमेरिकी राजदूत गोर,सिनेटर स्टीव डेनिस के साथ मिले पीयूष गोयल से

नयी दिल्ली, 19 जनवरी (वार्ता) भारत में अमेरिका के नये राजदूत सर्जियो गोर ने एक अमेरिकी सांसद के साथ सोमवार को यहां केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की और इस दौरान उनके बीच पारस्परिक संबंधों पर उपयोगी बातचीत हुई।

श्री गोर के साथ अमेरिका की संसद के उच्च सदन सीनेट के सदस्य स्टीव डेनिस भी थे। श्री गोयल ने कहा कि इस मुलाकात में उन्होंने भारत अमेरिका संबंधों पर सार्थक चर्चा की।

श्री गोयल ने राजदूत गोर और सांसद डेनिस के साथ मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ‘अपने अच्छे दोस्तों, अमेरिकी सीनेटर स्टीव डेनिस और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर से दोबारा मिलकर बहुत खुशी हुई। हमारे (बीच भारत-अमेरिका) द्विपक्षीय संबंधों पर विचारों का सार्थक आदान-प्रदान हुआ।”

उल्लेखनीय है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने व्यवसायी और अपने निकट राजनीतिक सहयोगी श्री गोर को भारत के लिए राजदूत और पश्चिम एशिया का विशेष दायित्व भी दिया है। श्री गोर ने अभी हाल में राष्ट्रपति दौपदी मुर्मु को अपना परिचय पत्र सौंपा।

श्री गोर शनिवार को मुंबई में रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा से भी मिले थे।

श्री गोयल से उनकी यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जबकि भारत और अमेरिका के बीच एक द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए वार्ता चल रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सहमति न बनने के कारण पिछले साल अगस्त में भारतीय माल पर 25 प्रतिशत कर आयात शुल्क लगा दिया था। उन्होंने अमेरिका से तेल खरीदने को लेकर भारत के खिलाफ अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा के कानूनी प्रावधानों के तहत उस माह के आखिरी सप्ताह में 25 प्रतिशत का अतरिक्त शुल्क लगा दिया।

श्री गोर ने नयी दिल्ली में अपना कार्यभार संभालने के बाद कहा था कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ताएं जारी हैं लेकिन उन्होंने उसका कोई और ब्योरा नहीं दिया। उन्होंने कहा कि उनका मिशन दुनिया के दो सबसे पुराने और सबसे बड़े लोकतांत्रिक देशों (अमेरिका-भारत) के संबंधों को मजबूत करना है।

सांसद श्री डेनिस ने रविवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की थी। श्री जयशंकर की गत मंगलवार को अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो से फोन पर बात हुई थी।

Next Post

रुपया 11 पैसे टूटा, दूसरे निचले स्तर पर

Mon Jan 19 , 2026
मुंबई, 19 जनवरी (वार्ता) रुपया सोमवार को 11.25 पैसे टूटकर अब तक के दूसरे निचले स्तर पर आ गया और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 90.90 रुपये का बोला गया। भारतीय मुद्रा में यह लगातार चौथी गिरावट है। पिछले कारोबारी दिवस पर यह 44.75 पैसे लुढ़ककर 90.7875 रुपये प्रति […]

You May Like