सीहोर। स्वास्थ्य विभाग ने बरसात के मौसम में मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने बताया कि कपकपी के साथ तेज बुखार, सिरदर्द, उल्टी, बेचैनी, कमजोरी, सुस्ती, मितली, ठंड या तपन महसूस होना मलेरिया के प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर चिकित्सक से परामर्श और उपचार कराएं।
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि मलेरिया से बचाव के लिए मच्छरदानी का उपयोग करें, खिड़कियों और दरवाजों पर जाली लगाएं, हल्के रंग के कपड़े पहनें तथा हाथ-पैरों को पूरी तरह ढकें। हर सप्ताह कूलर, टंकी और बैरल का पानी बदलें और आसपास पानी जमा न होने दें। उल्टी या तेज दर्द की स्थिति में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
