इंदौर: दुबई गए मकान मालिक के बंद फ्लैट को निशाना बनाकर दो शातिर चोरों ने करीब 25 लाख रुपए के सोने के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. हैरानी की बात यह है कि मुख्य आरोपी ने छह महीने पहले उसी घर में पेंटिंग का काम करते हुए घर की गतिविधियों पर नजर रखी थी. पुलिस ने मात्र 48 घंटे में मामले का खुलासा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनके कब्जे से चोरी गया माल भी जब्त किया है.
शब्बीर हुसैन निवासी फ्लैट नंबर 501 बादशाह एम्पायर सैफी नगर, दिसंबर 2024 से दुबई में रह रहे हैं. सफाई के लिए उन्होंने आशा बाई को चाबी दी थी. 24 अप्रैल को सफाई कर ताला लगाकर वह चली गई थी. लेकिन 28 अप्रैल को जब वह दोबारा आई, तो फ्लैट के ताले टूटे मिले. अंदर से करीब 250 ग्राम सोने के जेवर और 20 हजार रुपए नकद गायब थे.
फरियादी ताहिर हुसैन की शिकायत पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और करीब 200 कैमरों की जांच के बाद दो संदिग्धों की पहचान हुई. फिंगरप्रिंट व तकनीकी साक्ष्य जुटाकर पुलिस ने जितेंद्र यादव निवासी विदिशा, हाल विजय श्री नगर और दर्शन कामले निवासी छोटा बांगड़दा को गिरफ्तार कर लिया. सख्त पूछताछ में दोनों टूट गए और असली जेवरात व नकदी जिसमें सोने के जेवरात 250 ग्राम कीमत करीब 25 लाख रुपए के साथ नकद 20,000 रुपए जब्त किए.
एमबीए स्टूडेंट निकला मास्टरमाइंड
मुख्य आरोपी जितेंद्र यादव एमबीए का छात्र है और करीब पांच महीने पहले मकान में रंगाई-पुताई करने के दौरान ही उसने घर की सुरक्षा व मालिक की गैरमौजूदगी को भांप लिया था. उसी समय उसने वारदात की योजना बनाई और अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया.
