
सिवनी। शास्त्री वार्ड स्थित न्यू भारती मेडिकल स्टोर्स पर कल देर शाम हमला हुआ, जिसमें मेडिकल व्यवसायी सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सी.व्ही. रमन वार्ड, आशा विला-2 कॉलोनी निवासी मेडिकल संचालक के साथ घटित हुई, जिसने स्थानीय समुदाय को दहशत और आक्रोश में डाल दिया है।
हमले की शुरुआत तब हुई जब एक व्यक्ति दो महिलाओं के साथ डॉक्टर की पर्ची लेकर दुकान पर आया। दवाइयों की जानकारी पूछने पर दुकान संचालक ने डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी, जिस पर उक्त व्यक्ति ने बेहद आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और धमकी दी पूरे मोहल्ले में आग लगा दूँगा।
कुछ देर बाद वही व्यक्ति दो अन्य लोगों और एक महिला के साथ वापस लौटा। महिला ने दुकान मालिक की पहचान कर हमला करने को कहा। इसके बाद लाठी, कैंची और हाथ-मुक्कों से दुकानदार पर बर्बरतापूर्वक हमला किया गया। हमले में दुकानदार को कान, पीठ, छाती, कलाई और घुटनों में गंभीर चोटें आईं। कर्मचारी नीलेश झारिया को कैंची से, और अतुल मिश्रा को कोहनी के नीचे गहरी चोट लगी।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ितों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद थाना जाकर शिकायत दर्ज कराई गई। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपियों की पहचान असफाक खान, भुरू, शमशेर और सरीफा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों में अजय मिश्रा, दिलीप राय, रतन राय और टिंकू खरे शामिल हैं।
स्थानीय नागरिकों ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि मेडिकल स्टोर्स जैसी सेवा-स्थलों पर खुलेआम हमला हो सकता है, तो आम आदमी की सुरक्षा कितनी कमजोर है, यह बड़ा सवाल बनकर सामने आया है। लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
