ब्यावरा/उदनखेड़ी: जिले में एक अनुकरणीय पहल करते हुए धाकड़ समाज द्वारा समाज के होने वाले सामुहिक विवाह सम्मेलनों एवं विवाह आयोजन में डीजे नहीं बजाने का निर्णय लिया गया है. यह निर्णय समाज की आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया. ग्राम भंवास, उदनखेड़ी एवं भीलखेड़ा में विगत दिवस आयोजित समाज की बैठक में सर्वानुमति से यह निर्णय लिया गया कि सामुहिक विवाह सम्मेलन में शामिल होने वाले वर-वधु पक्ष के द्वारा विवाह समारोह के दौरान डीज का उपयोग नहीं किया जाएगा.
ऐसा फूहड़ता, डीजे की कानफोडू आवाज से होने वाले नुकसान, फिजूलखर्ची को रोकने हेतु किया जाना बताया जाता है. साथ ही विवाह आयोजन में परंपरागत रुप से बैंड बाजे, ढोल का उपयोग करने पर जोर दिया गया.डीजे बजाने पर सम्मेलन से होंगे प्रतिबंधित समाज की बैठक में निर्णय लिया गया कि इस निर्णय के बाद भी यदि विवाह सम्मेलन में शामिल होने वाले किसी वर-वधु पक्ष के द्वारा डीजे का उपयोग किया जाता है तो संबंधित को विवाह सम्मेलन से प्रतिबंधित होने की कार्यवाई का सामना करना पड़ेगा.
इन स्थानों पर होंगे विवाह सम्मेलन जानकारी के अनुसार आगामी दिवस में इन स्थानों पर समाज के सामुहिक विवाह सम्मेलन होंगे. 20 अप्रैल को भैंसाना के समीप ग्राम उदपुरिया में, 26 अप्रैल को भैंसवामाता धाम, 3 मई को ग्राम सुल्तानिया तथा 7 मई को ग्राम भीलखेड़ा जोड़ खुजनेर में विवाह सम्मेलन के आयोजन आदर्श धाकड़ समाज सामुहिक विवाह सम्मेलन समिति के तत्वावधान में होंगे. समाज के वरिष्ठ सदस्य नंदलाल नागर के अनुसार समाज की बैठको में विवाह समारोह में डीजे नहीं बजाने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया है. इससे जहां फिजूलखर्ची रुकेगी वहीं फूहड़ता और डीजे की कानफोडू आवाज से राहत मिलेगी.
