गंजबासौदा: नगर के वार्ड क्रमांक 3 में लगभग 50 वर्ष पुराना गटर कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुका है। नानाजी वाली गली से मुस्कान टॉकीज तक फैले इस गटर की स्थिति खराब होने से क्षेत्र के रहवासी और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार गटर के ऊपर बने रास्तों और अस्थायी निर्माण के कारण जलनिकासी बाधित हो रही है, जिससे पानी रुक जाता है और दुर्गंध फैल रही है।
रहवासियों का कहना है कि उनके घरों का गंदा पानी ठीक से नहीं निकल पा रहा है, जिससे रोजमर्रा की दिक्कतें बढ़ गई हैं। क्षेत्रवासियों ने गटर के पुनर्निर्माण, सफाई और अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर कई बार लिखित आवेदन भी दिए हैं।इधर नगर के अन्य वार्डों में गटर और सड़क निर्माण के कार्य जारी हैं। इस विषय पर पूर्व विधायक निशंक जैन और वरिष्ठ पार्षद सौदान सिंह यादव ने भी अपने-अपने वक्तव्य में वार्ड में लंबित निर्माण कार्यों की ओर ध्यान दिलाया है। नगरवासियों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग शीघ्र समस्या का समाधान करेगा।
