कटनी: जिले में नशे के कारोबार पर कड़ा शिकंजा कसते हुए विजयराघवगढ़ पुलिस ने स्कूटी से गांजा की तस्करी का पर्दाफाश किया है। रविवार देर शाम पुलिस ने घेराबंदी कर एक तस्कर को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी के पास से 21 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 3 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी भी जब्त की है।
कैसे हुआ खुलासा
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विजयराघवगढ़ पुलिस नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक स्कूटी पर गांजा लेकर जा रहे हैं। पुलिस टीम ने खिरवा नंबर 1 गांव के पास नवीन महानदी पुल पर घेराबंदी की।
जैसे ही स्कूटी पर सवार दो युवक पहुंचे, पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इस दौरान स्कूटी पर पीछे बैठा युवक मौके से भाग निकला, लेकिन चालक पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम कुदरत उर्फ गोकल पारधी (20 वर्ष), निवासी छिंदिया टोला, बरही बताया। फरार साथी की पहचान रंजन पारधी के रूप में हुई है।
NDPS एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा और स्कूटी जब्त कर NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश पुलिस कर रही है।
