इंदौर: विजय नगर थाना क्षेत्र में बढ़ती वाहन चोरी की वारदातों पर नियंत्रण रखने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस के हत्थे एक वाहन चोर लगा. पुलिस ने शातिर चोर के कब्जे से एक बाइक के साथ एक मोटरसाइकल भी जब्त की है. आरोपी के खिलाफ पहले से ही एक दर्जन से ज्यादा अपराध दर्ज है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.
पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी महू के गवली पलासिया क्षेत्र की लक्ष्मी विहार कॉलोनी का रहने वाला सुभाष पिता नारायम पाटीदार है, जो लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं में सक्रिय रहा है. आरोपी खुले स्थानों पर खड़े वाहनों को निशाना बनाकर चोरी करता था, जिसकी तलाश पुलिस को लंबे समय से थी.
अतिरिक्तपुलिस उपायुक्त जोन 02 अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर विजय नगर पुलिस ने आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ हिरासत में लिया था. पूछताछ में उसने बाइक चोरी करने के साथ ही यह भी बताया कि उसके कब्जे में देवास से चुराई गई एक ईको वेन भी है. पुलिस ने आरोपी की निशाख्ती पर दोनों चोरी के वाहन जब्त कर लिए है.
एक दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज
थाना प्रभारी विजय नगर चंद्रकांत पटेल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मानपुर, सेन्ट्रल कोतवाली, विजय नगर, राजेन्द्र नगर, लसूडिया, देपालपुर, धार सहित एक दर्जन से ज्यादा मामलों में अपराध दर्ज हैं. आरोपी का नाम सीरियल वाहन चोर के रूप में पुलिस रिकॉर्ड में पहले से दर्ज था.
