
सिंगरौली । जिले की प्रभारी मंत्री एवं म.प्र. शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री सम्पतिया उइके ने रविवार को सिंगरौली में विभिन्न विभागों के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक ली।
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, ग्रामीण विकास तथा आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए प्रभारी मंत्री ने जिले के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला खनिज प्रतिष्ठान का लगभग 950 करोड़ रुपये का वार्षिक फंड अब केवल सिंगरौली जिले के विकास कार्यों पर ही खर्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले जिले से प्राप्त होने वाली यह राशि प्रदेश के अन्य जिलों में भी उपयोग की जाती थी, लेकिन स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को सरकार ने स्वीकार कर लिया है। इससे जिले में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य आधारभूत विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि जिले के बहुप्रतीक्षित सिंगरौली बाईपास सड़क परियोजना के लिए लगभग 300 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज के पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए भी करीब 100 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी प्रदान की गई है। बैठक में राज्यमंत्री राधा सिंह, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक रामनिवास शाह, राजेंद्र मेश्राम, विश्वामित्र पाठक, कलेक्टर गौरव बैनल, एसपी सियाज तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
