इंदौर:राजेन्द्र नगर पुलिस को लूट की एक बड़ी वारदात का पर्दाफाश करते हुए दो आदतन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें से एक नाबालिग है. दोनों आरोपी मॉर्र्निंंग वॉक पर निकली महिलाओं को निशाना बनाकर चेन और जेवर झपटते थे. पकड़े गए युवकों के पास से लूटी गई एक लाख कीमत की सोने की चैन के साथ ही घटना में उपयोग की गई बाइक और अन्य सामान जब्त किया है.
फरियादिया नम्रता उपाध्याय ने थाने पहुंच कर पुलिस को बताया कि वह सुबह 6.30 बजे वह अपनी सहेली के साथ सूर्यदेव नगर से गोपुर चौराहा होते हुए नर्मदा चौराहा की ओर मॉर्र्निंंग वॉक पर निकली थी. रास्ते में दो अज्ञात युवकों ने नीले रंग की बाइक से पीछे से धक्का मारकर उसके गले से चेन झपट ली और फरार हो गए. इस घटना में महिला को चोट भी आई थी. महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि लूटी गई चेन के साथ सोने का पेंडल भी था, जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपए है.
महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पुराने अपराधियों की जानकारी जुटाई. इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आकाश नगर में रहने वाला 20 वर्षीय राजपाल पिता नानक सिंह और उसका एक नाबालिग साथी घटना में शामिल हो सकते हैं. इस पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया.
पहले भी कर चुके हैं लूट
दोनों आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह पहले भी द्वारकापुरी तथा अन्नपूर्णा जैसे क्षेत्रों में लूट की वारदातों को अंजाम दे चुके है. मामले में थाना प्रभारी विकास शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों से अन्य मामलों में भी पूछताछ की जा रही है
