इंदौर:खजराना पुलिस ने एक ऐसे गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो खुद खेत में गांजा उगाकर उसका नशा करता था, और उसे बैच कर पैसा कमा रहा था. आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक किलो दो सौ ग्राम गांजे के साथ एक बाइक भी जब्त की है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.गिरफ्तार किया गया आरोपी चौथी पास है. उसका नाम महेश पिता देवीसिंह पंवार है.
वह मूल रुप से ग्राम पिल्या अंजन जिला खरगोन का निवासी है, जो कुछ दिनों से महालक्ष्मी नगर में रह कर चौकीदारी कर रहा था. मामले में खजराना थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी महेश को गिरफ्तार किया है. सूचना मिली थी कि आरोपी स्कीम नंबर 134 के एक खाली प्लॉट में नीम के पेड़ के नीचे बाइक नम्बर एमपी 09 डीयू 0473 पर खड़ा है.
पुलिस को देख आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया. जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से एक किलो दो सौ ग्राम गांजा पाया गया. पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह गांजे का नशा करने का आदी है और अपने ही खेत में गांजा उगाकर उसकी तस्करी करता था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की. पुलिस अब आरोपी से गांजे के नेटवर्क, अन्य तस्करों और स्त्रोतों की जानकारी जुटाने के लिए रिमांड पर पूछताछ कर रही है.
