4 मंजिला जर्जर इमारत ढही, 1 युवक मलबे में दबा

*अपडेट*

जबलपुर। विजय नगर स्थित बीएसएनएल के खंडहर हो चुकीं बहुइमारतों में से एक चार मंजिला इमारत शुक्रवार शाम को ढह गई जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हादसे के समय आसपास मौजूद लोगों को कुछ के लिए तो ये लगा कि भूकंप आ गया है लेकिन बाद में उन्होनें देखा कि जर्जर इमारत धीरे-धीरे करके पूरी गिर रही है। दुर्घटना में एक युवक शिकार हुआ है। सूचना मिलने के बाद मौके पर जिला, पुलिस व नगर निगम प्रशासन की टीमें पहुंच गईं। फिर तुरंत बाद रेस्क्यू कर मलबे में दबे युवक को सकुशल बाहर निकाला गया जिसे मामूली चोटें आईं हैं। घायल युवक को इलाज के लिए प्रशासन द्वारा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। उधर हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर विधायक अभिलाष पांडे व क्षेत्रीय अन्य जनप्रतिनिधि पहुंच गए थे। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम तक नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते ने पीएनटी कॉलोनी की चारों तरफ करीब 40-40 फीट ऊंची दीवारों को बुल्डोजर के जरिए तोड़ा। इसके बाद एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम ने मोर्चा संभाल लिया है। जानकारों का कहना है कि अब प्रशासन को पीएनटी कॉलोनी में मौजूद बची 7, चार मंजिला जर्जर इमारतें भी ढहा देना चाहिए जिससे दोबारा कोई दुर्घटना न घटित हो।

 

पीएनटी विभाग की होती है जिम्मेदारी: अतिक्रमण विभाग

नगर निगम के अतिक्रमण शाखा प्रभारी मनीष तड़से ने स्पष्ट कहा कि पीएनटी (पोस्ट एंड टेलीग्राफ) सेंट्रल गर्वमेंट का डिपार्टमेंट होता है और इसके जर्जर भवन को हटाने की जिम्मेदारी खुद पीएनटी करती है। अगर चाहे तो ये विभाग नगर निगम को सूचित कर मदद ले सकता है लेकिन नगर निगम जबलपुर तक इस जर्जर भवनों को हटाने कोई सूचना आज तक नहीं दी गई है।

 

नशा करने पहुंचा युवक हादसे का शिकार

इस संबंध में अतिक्रमण प्रभारी मनीष तड़से ने नवभारत को जानकारी देते हुए बताया कि विजय नगर के पास स्थित पीएनटी कॉलोनी में मौजूद चार मंजिला मकान ध्वस्त होकर गिरा है। यहां कुल चार मंजिला वाले 8 क्वार्टर है जो जर्जर अवस्था में थे। साथ ही उन्होंने बताया कि जो युवक मलबे में दबा था उसे बाहर निकाल लिया गया है। वह नशे का आदि था और नशा करने ही क्वार्टरों में घुसा था। क्योंकि जर्जर मकानों में कोई निवास नहीं कर रहा था वे पूरी तरह खाली पड़े हुए थे। वर्ष 1984 से पीएनटी कॉलोनी में 8 क्वार्टर हैं जो जर्जर अवस्था में पाए गए हैं। घायल युवक का नाम देवेंद्र उर्फ अभिषेक रैकवार सामने आ रहा है।

 

स्थानीय लोगों ने जताया आक्रोश

जहां दुर्घटना घटित हुई उसके आसपास रहने वाले रहवासियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए बताया कि पीएनटी कॉलोनी की बिल्डिंग पिछले लंबे समय से काफी जर्जर अवस्था में है। इसको हटाने के लिए कई बार नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई गई लेकिन आज तक नगर निगम ने नहीं सुनी और अब जब हादसा घटित हो गया है तब जाकर निगम को होश आया है।

Next Post

पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी

Fri Sep 12 , 2025
दुबई, 12 सितम्बर (वार्ता) पाकिस्तान ने ओमान के खिलाफ एशिया कप के ग्रुप ए मुकाबले में शुक्रवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने टॉस जीतने के बाद कहा, ”हम पहले बल्लेबाज़ी करने जा रहे हैं। पिच अच्छी लग रही है। पिछले […]

You May Like