इटारसी: विस्थापित वन ग्रामों के किसानों द्वारा खरीफ फसल धान का पंजीयन तो पूरा कर लिया गया है, लेकिन पंजीयन के सत्यापन की प्रक्रिया लंबित होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. एसटीआर क्षेत्र से विस्थापित होकर आए वन ग्राम पोडार के किसानों ने बताया कि मोबाइल के माध्यम से स्लॉट बुकिंग करते समय सत्यापन शेष है का संदेश आ रहा है.
सत्यापन को लेकर किसान वन विभाग, एसडीओ कार्यालय, खाद्य विभाग और तहसील कार्यालय के बीच जानकारी प्राप्त करने के लिए जा रहे हैं, लेकिन प्रक्रिया स्पष्ट नहीं हो पा रही है. इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी निलेश शर्मा से भी किसानों की बात हुई, जिन्होंने मामले पर आवश्यक संवाद की बात कही है.किसान संपत लाल यादव, धीरज मोहन और नारायण आदिवासी का कहना है कि सरकार उनकी फसल को उचित दाम पर खरीदे और सत्यापन से जुड़ी समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए.
