मेला : सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो, प्लॉटों की मार्किंग कर ठेले एवं फड़वालों को भेजें हॉकर्स जोन में

ग्वालियर: ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने संभागायुक्त को मेला सचिव के माध्यम से ज्ञापन भेंटकर व्यापार मेला के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न समस्याओं का तत्काल निराकरण किए जाने का आग्रह किया।मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र भदकारिया के नेतृत्व में दिए ज्ञापन पत्र में कहा गया है कि प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने अपने विगत ग्वालियर प्रवास के दौरान व्यापार मेला व्यापारी संघ से मुलाकात में ग्वालियर व्यापार मेला की सभी व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करने एवं व्यापारियों की सुविधाओं को प्रत्येक दृष्टिकोण से सुनिश्चित करने के निर्देश मेला प्राधिकरण को दिए थे लेकिन खेदजनक पहलू है कि कई महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील मामलों में लापरवाही एवं लेतलाली बरती जा रही है।

मेला व्यापारियों ने संभागायुक्त से अनुरोध किया है कि विभिन्न ज्वलंत बिन्दुओं पर ध्यान देकर व्यापारी बंधुओं की अपेक्षानुरूप कार्यवाही कराकर राहत प्रदान करें।ज्ञापन पत्र में मेला की सुरक्षा व्यवस्था का जिक्र करते हुए इस बात पर चिन्ता जताई गई है कि ग्वालियर व्यापार मेला प्रारंभ हुए पांच दिन व्यतीत हो चुके हैं लेकिन अभी तक मेला के विभिन्न सेक्टरों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात नहीं किया गया है।

चूंकि मेला में सभी तरह की प्रवृत्ति के लोगों की आवाजाही रहती है, इस कारण पुलिस बल की नामौजूदगी के चलते व्यापारियों, दुकानदारों, उनके स्टाफ एवं सैलानियों में असुरक्षा का माहौल रहता है, इसलिए मेला के प्रत्येक सेक्टर में पुलिस की तैनाती कर सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।मेला व्यापारी संघ ने ठेलों एवं फड़ वालों से दुकानदारों हो रही असुविधा का उल्लेख करते हुए कहा कि मेला में, विशेषकर झूला एवं मनोरंजन सेक्टर में अवांछित व अवैध ठेलों एवं फड़ वालों ने बीच सड़क पर कब्जा जमा रखा है। इस कारण झूला एवं मनोरंजन सेक्टर में हर वक्त सड़क जाम की स्थिति बनी रहती है।

सड़क पर ठेलों एवं फड़ की बेतरतीब उपस्थिति के कारण आपदा की स्थिति में फायर बिग्रेड एवं एंबुलेंस की तत्काल पहुंच में बाधा उत्पन्न होने का भी खतरा है, इसलिए इन ठेलों एवं फडों को यहां से तत्काल हटाकर हॉकर्स जोन में भेजा जाए।मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र भदकारिया, सचिव महेश मुदगल, संयुक्त अध्यक्ष एवं प्रवक्ता अनिल पुनियानी ने यह भी मांग की कि प्लॉटों एवं खुली भूमि की सुस्पष्ट मार्किंग की जाए।

मेला प्राधिकरण ने अभी तक मेला में प्लॉटों एवं खुली भूमि के पीछे के हिस्से में सुस्पष्ट मार्किंग नहीं की है, इस कारण सुरक्षा की दृष्टि से दुकानदार बेरीकेडिंग नहीं कर पा रहे। मनचाहे ढंग से कुछ प्लॉटों की तो मार्किंग कर दी गई है लेकिन झूला एवं मनोरंजन सेक्टर में तमाम प्लॉटों को रामभरोसे छोड़ दिया गया है। इस कारण अव्यवस्था की स्थिति निर्मित हो रही है। व्यापारी भाईयों को परेशानी से बचाने के लिए प्लॉटों व खुली भूमि की मार्किंग, बेरीकेडिंग करने के लिए तत्काल प्रक्रिया गतिशील की जाए।
बैलून गन शॉट पर पाबंदी लगाने पर जताई नाराजगी
मेला व्यापारियों ने बैलून गन शॉट पर पाबंदी लगाए जाने पर भी असहमति व्यक्त की। मेला व्यापारियों का कहना है कि ग्वालियर मेला में पचास साल से मनोरंजन सेक्टर में बैलून गन शॉट के स्टॉल लगते आए हैं। मेला के इतिहास में पहली बार इन पर पाबंदी लगा दी गई है, इससे मेला घूमने आने वाले सैलानियों, विशेषकर बच्चों को घोर निराशा हो रही है। बच्चे बैलून गन शॉट का सालभर इंतजार करते हैं। ये राइफल और इनके छर्रे पूरी तरह सुरक्षित होते हैं, इन स्टालों पर लगी पाबंदी को व्यापारी हित में तत्काल हटाई जाए।
इन व्यापारी नेताओं ने भेंट किया ज्ञापन पत्र
ज्ञापन पत्र भेंट करने वालों में मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र भदकारिया, सचिव महेश मुदगल, संयुक्त अध्यक्ष एवं प्रवक्ता अनिल पुनियानी, संयुक्त अध्यक्ष एवं प्रवक्ता, संयोजक उमेश उप्पल, सह अध्यक्ष जगदीश उपाध्याय, कार्यकारी अध्यक्ष अनुज गुर्जर, हरिकांत समाधिया पूर्व अध्यक्ष ऑटोमोबाइल डीलर्स एसो., विजय कब्जू आदि शामिल थे।

Next Post

तय समय पर ही होंगी रादुविवि में स्नातक परीक्षाएं

Tue Dec 30 , 2025
जबलपुर: रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय ने स्नातक पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं विश्वविद्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2025 की परीक्षाएं पूर्व घोषित परीक्षा समय-सारिणी के अनुरूप ही आयोजित की जाएंगी। विश्वविद्यालय ने आदेश जारी किया है कि बीए , बीएससी, बीकॉम, बीकॉम (ऑनर्स) एवं बीएचएससी प्रथम वर्ष की परीक्षाएं सुबह […]

You May Like