मुंबई, (वार्ता) बॉलीवुड के जानेमाने अभिनेता सैफ अली खान ने कहा कि स्ट्रीमिंग प्लेटफार्म ने अभिनेताओं और फिल्म निर्माताओं को बाधाओं से मुक्त कर दिया है।
नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ टेड सारंडोस ने आज मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में विश्व ऑडियो विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स) के तीसरे दिन अभिनेता सैफ अली खान से बातचीत करते हुए कहा कि स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने भारत में फिल्म निर्माण के लोकतंत्रीकरण को समर्थ बनाया है।
‘स्ट्रीमिंग द न्यू इंडिया: कल्चर, कनेक्टिविटी और क्रिएटिव कैपिटल’ विषय पर हुई बातचीत में डिजिटल युग में कहानी कहने के उभरते परिदृश्य, रचनात्मक स्वतंत्रता पर स्ट्रीमिंग के प्रभाव और वैश्विक मनोरंजन मानचित्र पर भारत की बढ़ती उपस्थिति पर चर्चा की गई।
सैफ अली खान ने लोकप्रिय सीरीज सेक्रेड गेम्स में नेटफ्लिक्स के साथ अपने सहयोग पर विचार करते हुए स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म की परिवर्तनकारी शक्ति पर जोर दिया। उन्होंने कहा, पहले हमें कठोर प्रारूपों का पालन करना पड़ता था। स्ट्रीमिंग ने अभिनेताओं और फिल्म निर्माताओं को उन बाधाओं से मुक्त कर दिया है। अब, दुनिया भर के लोग हमारी कहानियां देख सकते हैं, जो वे पारंपरिक सिनेमा में नहीं देख पाते थे।
सैफ ने भारत में फिल्म निर्माण के लोकतंत्रीकरण के बारे में विस्तारपूर्वक बताते हुए कहा, दर्शक कभी भी अलग-अलग कहानियों तक पहुंच सकते हैं, और रचनाकारों को उन्हें बताने की अधिक स्वतंत्रता है। यह देखने और बनाने का एक सतत चक्र है।
सैफ ने कहा कि उनके लिए सबसे सार्थक प्रोजेक्ट वे हैं जो भारतीय संस्कृति से जुड़े हों। उन्होंने कहा, यदि कोई विदेश में मुझसे मेरी फिल्मों के बारे में पूछता है, तो मैं ओमकारा या परिणीता के बारे में बात करता हूं। ये हमारी संस्कृति से गहराई से जुड़ी फिल्में हैं। दुनिया को अपनी कहानियां बताने में कुछ अविश्वसनीय रोमांच होता है।
