
जबलपुर। शहर शीतलहर की चपेट में आ गया है। सुबह और रात में ठंड तेवर दिखाने लगी है जबकि दिन में धूप खिल रही है। शुक्रवार की सुबह कोहरे के साथ हुई। दिन चढऩे के साथ सूर्यदेव ने दर्शन दिए। ठंडी हवाएं ठुठरने मजबूर कर रही है। ठंड से बचने लोग गर्म कपड़े लादकर ही बाहर निकले। रात मेें कई जगह पर अलाव भी जलते देखे गए। मौसम विभाग की माने तो आने वाले 15-19 नवंबर को जबलपुर जिले में उत्तर-पूर्व से हवा की दिशा रहेगी जिससे दिन एवं रात के तापमान में गिरावट होगी। 15-16 नवंबर को शीत लहर की संभावना है। दीर्घावधि पूर्वानुमान में आने वाले 2 सप्ताह में पूर्वी मध्य प्रदेश में वर्षा नही होने की संभावना है, एवं तापमान में गिरावट होगी।
ऐसा रहा तापमान
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से 6 डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 71 और शाम को 58 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तरी हवाएं चार किमी की रफ्तार से चली।
