जमुनिया गांव में तेंदुए का आतंक, गाय पर हमला; ग्रामीणों में दहशत

सलामतपुर: रायसेन जिले के सांची विकासखंड अंतर्गत जमुनिया गांव में शुक्रवार की रात तेंदुए ने एक बार फिर आतंक मचा दिया। देर रात घर के पास बंधी एक गाय पर तेंदुए ने हमला कर दिया। गाय की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाया, जिसके बाद तेंदुआ गाय को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। हमले में गाय गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल गाय ग्राम जमुनिया निवासी मानसिंह लोधी की बताई जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार दो दिन पहले भी तेंदुए ने गांव के ही एक अन्य व्यक्ति की भैंस को अपना शिकार बना लिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। लगातार हो रही घटनाओं से गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और तेंदुए की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि रात के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है और पशुओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है।

क्षेत्र में तेंदुए का बना हुआ है मूवमेंट, अब तक 30 मवेशियों पर कर चुका हैं हमला
पश्चिम वन क्षेत्र के ग्राम कायमपुर, नरखेड़ा, कुल्हाड़िया और सत्ती गांव सहित आसपास क्षेत्र में तेंदुए के बढ़ते आतंक से ग्रामीण परेशान और भयभीत हैं। गांव में तेंदुआ लगातार मवेशियों को अपना शिकार बना रहा है। पिछले एक साल में तेंदुआ अब तक 30 मवेशियों पर हमला कर चुका है। कुछ दिन पूर्व भी एक ग्रामीण के घर के पीछे बंधे गाय के बछड़े पर तेंदुए ने हमला किया था। यह घटना रात करीब 2 बजे की थी।

तेंदुए के हमले से बछड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया था और जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते हुए उसकी मौत हो गई थी। बताया कि एक साल पहले भी उनके एक अन्य बछड़े को तेंदुआ अपना शिकार बना चुका है। यह दूसरी बार था जब उनके मवेशी पर तेंदुआ ने हमला किया। गांव के लोग तेंदुए के डर से रातों में बाहर निकलने से डरते हैं। एक साल से तेंदुए के हमले की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं ।ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और मवेशियों को बचाया जा सके।

Next Post

अंधेरे में पठा पौड़ी गांव, समाधान न मिलने पर ग्रामीणों का प्रदर्शन; तहसील कार्यालय पर धरना

Sat Jan 31 , 2026
सिलवानी: ग्राम पठा पौड़ी के ग्रामीण घरेलू विद्युत एवं पेयजल समस्या को लेकर अनुविभागीय अधिकारी के समक्ष पहुंचे। लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने पर आक्रोशित ग्रामीण तहसील कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी की।धरने की सूचना पर विधायक देवेंद्र पटेल मौके पर पहुंचे और विद्युत कंपनी […]

You May Like