

विदिशा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खेल स्टेडियम में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ की घोषणा कर ट्रॉफी का अनावरण किया है. इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सलामतपुर-सांची होते हुए विदिशा-भोपाल मार्ग को फोर लाइन बनाए जाने एवं विदिशा में एक अच्छा खेल स्टेडियम बनाए जाने की घोषणा की है.साथ ही उन्होंने बेतवा नदी की दो सिंचाई परियोजना सौराई-मूडरा और हैदरगढ़ की सिंचाई परियोजना को बनाए जाने पर मंजूरी प्रदान की है. इसके साथ ही उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र और ग्रामीण क्षेत्र की सडक़ों को बनाए जाने की भी बात कही है. साथ ही साथ विदिशा को नगर निगम बनाए जाने पर उन्होंने कहा कि अगला चुनाव नगर निगम में ही होगा.इसके लिए आसपास के ग्रामों को जोडऩे की जो भी कार्रवाई होगी वह की जाएगी.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री की मंशा अनुरूप विदिशा में सांसद खेल महोत्सव का भव्य आयोजन हो रहा है.यह विदिशा के लिए गौरव की बात है उन्होंने विदिशा संसदीय क्षेत्र के खिलाडिय़ों के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त की. उन्होंने कहा कि विदिशा नगरी की विशेषता ही अलग है विदिशा और उज्जैन दो बहनों की नगरी है यह आदिकाल की नगरीया हैं.
सीएम ने कहा धीरे धीरे सब होगा
सीएम मोहन यादव ने शिवराज सिंह चौहान द्वारा की गयी मांगों के संदर्भ में कहा कि सुरई मूडऱा और हैदरगढ़ की दोनों सिंचाई योजनाओं के पूर्ण किये जाने की मैं घोषणा करता हॅू इससे किसानों का भला होगा. वहीं कहा कि नपा की सडक़ें भी अच्छी बनेंगी.गांवों में भी सडक़ें बनायी जायेंगी.आप जो जो कहेंगे वह सब करेंगे.लेकिन थोड़ा समय लगेगा. सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है. वहीं सीएम ने कहा कि विदिशा में अगला चुनाव नगर निगम के तहत ही होगा.
शिवराज ने विदिशा के लिये अनेक मांगे
केंद्रीय किसान कल्याण एवं कृषि विकास तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के आव्हान पर विदिशा में सांसद खेल महोत्सव प्रारंभ हुआ है. जिसमें 37 हजार से अधिक खिलाडिय़ों ने पंजीयन कराया है.गांव-गांव में खेल का वातावरण बनाया जाएगा पूरे क्षेत्र में खेल भावना जागृत होगी. उन्होंने कहा कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए खेल ही प्रभावी माध्यम है खेल शरीर को स्वस्थ रखता है और मन आनंदित रहता है. केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश को निरंतर गति और दिशा दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ विदिशा का सौभाग्य है साथ ही उन्होंने मंच पर उपस्थित क्रिकेट खिलाड़ी और 1983 के वल्र्ड कप विजेता कपिल देव के बारे में कहा कि 1983 में वल्र्ड कप जीतना चमत्कार से कम नहीं था किसी ने सोचा भी नहीं था कि हम वल्र्ड कप जीत जाएंगे और कपिल देव के नेतृत्व में हमने 1983 का वल्र्ड कप जीता यह पूरे देश के लिए गौरव के क्षण थे.इस दौरान केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने मंच से मुख्यमंत्री मोहन यादव से आग्रह किया कि शहर का और पंचायती क्षेत्र में जहां जहां पर सडक़ें खराब हैं उन सडक़ों को ठीक कराने के लिये अनुदान दें.भोपाल से विदिशा सलामतपुर होते हुये मार्ग को 4 लेन बनाया जाये. नगर पालिका क्षेत्र की टूटी फूटी सडक़ों के लिये 20 करोड़ व बेतवा कोरीडोर निर्माण के लिये 50 करोड़ रूपये देने की मांग की. साथ ही विदिशा के पुराने सरकारी अस्पताल भवन को नगर पालिका को देने तथा विदिशा को नगर निगम बनाने की मांग की.इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में सडक़ निर्माण तथा पुल पुलियों के निर्माण की भी मांग की गयी.शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कोई भी सडक़ में गड्ढा या टूट फूट होती है तो तेजी से सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने लगते हैं.
विदिशा में शुरू होगा एथलीट सेंटर-मंडाविया
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने कार्यक्रम को दूरभाष के माध्यम से संबोधित किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने देश के युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए संसद महोत्सव प्रारंभ करने का आह्वान किया था.केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा में सांसद महोत्सव प्रारंभ किया है जिससे संसदीय क्षेत्र में खेलों के प्रति जागरूकता आएगी. इस दौरान उन्होंने विदिशा में एथलीट सेंटर प्रारंभ करने की बात कही. उन्होंने कहा कि एथलीट सेंटर का शुभारंभ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किया जाएगा.
खेल उत्सव आने वाली पीढ़ी के लिये गोल्डन थिंक-कपिल देव
वल्र्ड कप विजेता और भारतीय क्रिकेट टीम के तत्कालीन कप्तान कपिल देव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि खेल का उत्सव होता है तो हमें खुशी मिलती है, आने वाले समय में विदिशा के खिलाड़ी देश-विदेश में भारत देश का नाम रोशन करेंगे यह उत्सव नहीं आने वाली पीढ़ी के लिए गोल्डन थिंक है.उन्होंने सभी खिलाडिय़ों से आहान किया कि वह पूरे जोश और जुनून के साथ खेल में सहभागिता करें और अपनी पूरी मेहनत लगा दें ताकि आने वाले समय में लोग आपके लिए तालियां बजाएं. इस दौरान उन्होंने विदिशा शहर की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के शहर हिंदुस्तान की तस्वीर दिखाते हैं कि हमारा देश आगे बढ़ रहा है.उन्होंने सांसद खेल महोत्सव कार्यक्रम का अवलोकन कर कहा कि खेलों के प्रति इतना जोश और जुनून उन्होंने पहले कभी नहीं देखा उन्होंने खिलाडिय़ों से पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सहभागिता करने का आह्वान किया.
