तेलंगाना, (वार्ता) दो बार की विश्व चैंपियन निखत ज़रीन, ओलंपिक गेम्स टोक्यो 2020 की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन और पूर्व विश्व युवा चैंपियन अंकुशिता बोरो, 27 जून से एक जुलाई तक तेलंगाना के सरूरनगर इंडोर स्टेडियम में खेले जाने वाले एलीट महिला मुक्केबाजी टूर्नामेंट में राष्ट्रीय शिविर में जगह बनाने के लिए प्रतिस्पर्धा करने वाली शीर्ष भारतीय महिला मुक्केबाजों में शामिल होंगी।
भारतीय मुक्केबाजी महासंघ और तेलंगाना खेल प्राधिकरण के तत्वावधान में तेलंगाना मुक्केबाजी महासंघ द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट में 15 इकाइयों की मुक्केबाज़ भाग लेंगी, जिसमें आठवीं एलीट महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप की शीर्ष 12 टीमें रेलवे, हरियाणा, अखिल भारतीय पुलिस, सेवाएँ, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और सिक्किम शामिल हैं।
इस प्रतियोगिता में विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता मनीषा मौन, ओलंपियन प्रीति, विश्व युवा चैंपियन अरुंधति चौधरी और 100 से अधिक अन्य शीर्ष दावेदार शामिल हैं। मुक्केबाज दस भार वर्गों में प्रतिस्पर्धा करेंगे। प्रत्येक में स्वर्ण और रजत पदक विजेता को पटियाला में विशिष्ट राष्ट्रीय शिविर में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
सभी टीमें अधिकतम 10 मुक्केबाजों को मैदान में उतार सकती हैं, बशर्ते उनका जन्म 1 जनवरी 1985 और 31 दिसंबर 2006 के बीच हुआ हो। चैंपियनशिप विश्व मुक्केबाजी तकनीकी और प्रतियोगिता नियमों के अनुसार आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रत्येक मुकाबले में तीन मिनट के तीन राउंड होंगे, जिनके बीच में एक मिनट का आराम होगा। दस-अंक-अनिवार्य स्कोरिंग प्रणाली का पालन किया जाएगा, जबकि समीक्षा प्रणाली का उपयोग नहीं किया जाएगा।
भारत की महिला मुक्केबाजों ने थाईलैंड ओपन 2025 में एक रजत और पांच कांस्य पदक हासिल करते हुए महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। इस सफलता के आधार पर, बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया अब आगामी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय आयोजनों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, जिसमें इस साल के अंत में होने वाला विश्व मुक्केबाजी कप फाइनल भी शामिल है।
