नेपाल सीमा से एक करोड़ रुपये की हाइड्रोपोनिक वीड बरामद, तमिलनाडु का आरोपी गिरफ्तार

महराजगंज, 10 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त कार्रवाई में 2.30 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (उच्च गुणवत्ता का गांजा) के साथ तमिलनाडु निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार सुबह सोनौली थाना क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर सोनौली पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान नेपाल की ओर से एक युवक भारतीय सीमा में प्रवेश करता दिखाई दिया। संदिग्ध प्रतीत होने पर सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ की और उसके पास मौजूद झोले की तलाशी ली। तलाशी के दौरान झोले से 2.30 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद इदरीश (34) पुत्र निवासी रामनाथपुरम, तमिलनाडु के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद हाइड्रोपोनिक वीड उच्च गुणवत्ता की मादक सामग्री है, जिसकी तस्करी अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय नेटवर्क के माध्यम से की जाती है। इसकी बाजार कीमत सामान्य गांजे की तुलना में कई गुना अधिक होती है।

सूत्रों के अनुसार, थाईलैंड से नेपाल के रास्ते भारत में हाइड्रोपोनिक वीड की तस्करी के प्रयास हाल के दिनों में बढ़े हैं। भारत-नेपाल की खुली सीमा का फायदा उठाकर तस्कर मादक पदार्थों की खेप को विभिन्न राज्यों तक पहुंचाने का प्रयास करते हैं।

बताया गया कि महराजगंज जिले के सोनौली, बरगदवा, परसामलिक, ठूठीबारी, लक्ष्मीपुर, झुलनीपुर, चकरार और कनमिसवा जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्कर खुली सीमा का दुरुपयोग कर सरहद पार करने की कोशिश करते रहे हैं। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के चलते समय-समय पर ऐसी खेप पकड़ी जाती रही हैं।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि हाइड्रोपोनिक वीड के साथ गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर इस तस्करी से जुड़े नेटवर्क की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे भारत में किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। मामले की गहन जांच जारी है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।

एसपी ने कहा कि नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता बढ़ा दी गई है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

 

Next Post

प्रतिमा स्थापना के लिए न अनुमति ली गई, न भूमि आवंटन हेतु आवेदन किया गया

Wed Jun 10 , 2026
सीधी।लोक निर्माण विभाग रेस्ट हाउस सीधी के सामने स्थित चबूतरे (प्लेटफार्म) पर प्रतिमा स्थापित किए जाने संबंधी मीडिया में प्रकाशित समाचारों के परिप्रेक्ष्य में जिला प्रशासन ने तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया है कि प्रतिमा स्थापना संबंधी निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा […]

You May Like