
सीधी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों के अनुरूप 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के ऐसे वयस्कों को साक्षर बनाने के उद्देश्य से, जो किसी कारणवश औपचारिक शिक्षा प्राप्त नहीं कर सके या शिक्षा की निर्धारित आयु पार कर चुके हैं, उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम अंतर्गत कुसमी विकासखंड में विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
जन शिक्षा केन्द्र जूरी, कुसमी एवं मझिगवां अंतर्गत आने वाले सभी संस्था प्रमुखों तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य विकासखंड के प्रत्येक असाक्षर वयस्क की पहचान कर उन्हें मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान से जोडऩा तथा नियमित साक्षरता कक्षाओं के माध्यम से शिक्षित करना है। कार्यशाला में प्रतिभागियों को कार्यक्रम के प्रमुख उद्देश्यों की विस्तार से जानकारी दी गई। इसमें पठन-लेखन, मूलभूत संख्यात्मक ज्ञान, वित्तीय साक्षरता, डिजिटल साक्षरता, कानूनी साक्षरता, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, परिवार कल्याण, बच्चों की देखभाल एवं शिक्षा, आपदा प्रबंधन तथा व्यावसायिक कौशल जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशलों को भी शामिल किए जाने की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि ऐसे वयस्क, जिन्हें साक्षरता का कोई प्रमाण-पत्र प्राप्त नहीं है अथवा जिनका बुनियादी शिक्षा से जुड़ाव अधूरा है, उन्हें कार्यक्रम के माध्यम से साक्षर बनाकर प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही इच्छुक शिक्षार्थियों को आगे की पढ़ाई जारी रखने और कक्षा पांचवीं स्तर की परीक्षा में सम्मिलित होने का अवसर भी उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशिक्षण में बीआरसी अंगिरा प्रसाद द्विवेदी ने कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए प्रत्येक असाक्षर व्यक्ति का सर्वेक्षण करने, नियमित अध्ययन केन्द्र संचालित करने तथा सभी पात्र व्यक्तियों को साक्षरता अभियान से जोडऩे के निर्देश दिए। उन्होंने ‘‘सामाजिक चेतना केंद्र’’ एवं ‘‘अध्ययन केन्द्र’’ की भूमिका और उनके प्रभावी संचालन के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी।
००
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में सांदीपनि विद्यालय कुसमी के प्राचार्य राजेश पाण्डेय, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जूरी के प्राचार्य दिनेन्द्र प्रताप सिंह, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी रामबाई टाडिय़ा, मानकुमारी पनाडिया, जन शिक्षा केन्द्रों के जन शिक्षक, संबंधित विद्यालयों के संस्था प्रमुख तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
०००००००००००
