कोष्टा में मिले मानव कंकाल पर गरमाई चुरहट की सियासत 

सीधी। चुरहट थाना क्षेत्र के ग्राम कोष्टा में 30 जून को मिले मानव कंकाल के मामले ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है। उधर इस मामले में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कांग्रेस द्वारा थाने का घेराव किए जाने की चेतावनी दी है। घटना को लेकर परिजनों का दावा है कि कंकाल चुरहट विधानसभा क्षेत्र के ग्राम टीकट खुर्द मवई निवासी राजराखन साकेत की लापता पुत्री का है। मामले को लेकर परिजनों ने पुलिस पर समय से एफआईआर दर्ज नहीं करने और लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी स्वयं घटनास्थल पहुंचे और जांच की प्रगति का जायजा लिया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि फिलहाल कंकाल की पहचान केवल भौतिक साक्ष्यों के आधार पर की गई है, जो अंतिम और निर्णायक नहीं मानी जा सकती।

एसपी ने बताया कि कंकाल का डीएनए सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद डीएनए मिलान के आधार पर ही मृतक की पहचान की पुष्टि होगी और उसी के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कई मामलों में प्रारंभिक भौतिक पहचान बाद में गलत साबित हुई है, इसलिए वैज्ञानिक जांच का इंतजार करना आवश्यक है। एफआईआर दर्ज करने में देरी के आरोपों पर एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करती है। उन्होंने बताया कि गुमशुदगी या अपराध का मामला पीड़िता की अंतिम लोकेशन के आधार पर दर्ज किया जाता है। कंकाल मिलने के बाद संबंधित प्रकरण दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस लगातार पीड़ित परिवार के संपर्क में है और जांच की हर प्रगति से उन्हें अवगत कराया जा रहा है।

 

कांग्रेस आज करेगी चुरहट थाने का घेराव-

 

मानव कंकाल मिलने के मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने आज 8 जुलाई को चुरहट थाने के घेराव की घोषणा की है। कांग्रेस का कहना है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और पुलिस की कार्यप्रणाली के विरोध में यह लोकतांत्रिक आंदोलन आयोजित किया जा रहा है।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल के निर्देश पर बुधवार सुबह 11 बजे हार्दिहा रोड स्थित शिव विद्यालय के सामने से रैली निकालकर चुरहट थाने का घेराव किया जाएगा।

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मामले में पुलिस की कार्यशैली और संवेदनशीलता पर गंभीर प्रश्न खड़े हुए हैं, जिससे क्षेत्र में आक्रोश है। पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पीड़ित परिवार के समर्थन में आवाज बुलंद करने की अपील की है।

Next Post

सूर्यकुमार ने झूठे बयान को नकारा, टीम इंडिया के लिए अपना समर्थन दोहराया

Tue Jul 7 , 2026
नयी दिल्ली, 07 जुलाई (वार्ता) भारत के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया पर फैल रहे एक झूठे बयान को खारिज कर दिया है। उन्होंने साफ़ किया कि उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है जैसा कि उनके बारे में कहा जा रहा है और उन्होंने प्रशंसकों से […]

You May Like