बेगमगंज: सीएम राइज हॉयर सेकंडरी स्कूल में एक 11 वीं के स्टूडेंट्स ने मोबाइल पर रील बनाने की सनक में अपने बस्ते से देशी कट्टा निकाला और सरेआम फायर कर दिया। गोली चलने की गूंज से स्कूल में हड़कंप मच गया और कमरों में मौजूद शिक्षक एवं स्टूडेंट्स अपनी जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे।इस सनसनीखेज वारदात के बाद स्कूल में अफरातफरी ओर दहशत का माहौल बना रहा।
एसडीओपी सोनाली गुप्ता ने बताया कि सूचना मिलते ही स्कूल पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर फायर करने वाले 19 वर्षीय 11 वीं के स्टूडेंट्स राजवीर सिंह गुर्जर पिता जानकी प्रसाद गुर्जर निवासी महुना गुर्जर राहतगढ़ ( जिला- सागर ) को हिरासत में ले लिया।पुलिस ने आरोपी स्टूडेंट्स के बस्ते से एक अवैध देशी कट्टा ओर एक खाली खोखा ( कारतूस ) बरामद किया है।
प्रारंभिक पूछताछ में स्टूडेंट्स ने सोशल मीडिया पर रील बनाने के जुनून में फायर करना स्वीकार कर बताया कि कट्टा उसके पिता जानकी प्रसाद का है जो वह घर से उठाकर लाया था।
पुलिस ने स्टूडेंट्स राजवीर सिंह गुर्जर एवं उसके पिता जानकी प्रसाद गुर्जर जिसका कट्टा लेकर वह आया था उसके खिलाफ भी 25/27 आर्म्स एक्ट इजाफा धारा 125 बीएनएस के तहत पिता -पुत्र पर प्रकरण दर्जकर गिरफ्तार करके विवेचना की जा रही है।
इधर अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि स्कूल में अनुशासन नाम की चीज नहीं रही है। प्राचार्य का स्टूडेंट्स एवं स्टॉफ पर कोई प्रभाव नहीं होने से अव्यवस्था का वातावरण है। स्कूल में कुछ स्टूडेंट्स निरंकुश हो चुके है जो किसी की नही सुनते हैं।
