भुवनेश्वर, 22 फरवरी (वार्ता) ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में रविवार को एक एसयूवी और ट्रेलर के बीच टक्कर हो जाने से कम से कम पांच पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि एसयूवी में पुलिसकर्मी पेट्रोलिंग ड्यूटी पर थे। इसी दौरान उनकी एसयूवी सामने से आ रहे लोहे से लदे एक ट्रेलर से टकरा गई। यह सड़क हादसा सदर पुलिस स्टेशन जंक्शन के पास हुआ। टक्कर बहुत ज़ोरदार थी और पुलिसकर्मियों का वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला।
पुलिस ने बताया कि जिला मुख्यालय अस्पताल में इलाज करा रहे तीन घायल पुलिस कर्मियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि ट्रेलर के चालक को हिरासत में ले लिया गया है और इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।
